Tag Archives: New Delhi

By Election 2024: पांच राज्यों की 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज हो रहा उपचुनाव, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

चार राज्यों उत्तर प्रदेश पंजाब केरल और उत्तराखंड की 15 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है। इसी के साथ ही महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद खाली हुई थी। सांसद बनने के सिर्फ दो महीने बाद ही उनका देहांत हो गया था। वहीं कांग्रस ने उनके बेटे रवींद्र चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है

पांच राज्यों की 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज हो रहा उपचुनाव (फोटो- जागरण)

जागरण डेस्क, नई दिल्ली। आज देश में दो राज्यों में विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे। पांच राज्यों की 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए मतदाता अपना नेता चुनेंगे। चार राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल और उत्तराखंड की 15 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है। हालांकि, उपचुनाव के नतीजों का संबंधित विधानसभाओं पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा। वहीं, महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है।

यूपी की कई विधानसभा सीटों पर हो रहा उपचुनाव

उत्तर प्रदेश में कटेहरी, करहल, मीरापुर, गाजियाबाद, मझावां, सीसामऊ, खैर, फूलपुर और कुंदरकी में मतदान होगा। इन सीटों पर नब्बे उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें सबसे ज्यादा गाजियाबाद में 14 उम्मीदवार हैं। लोकसभा चुनाव के बाद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में यह इंडिया ब्लॉक के साथ-साथ एनडीए की पहली चुनावी परीक्षा होगी।

2022 के विधानसभा चुनाव में सीसामऊ, कटेहरी, करहल और कुन्दरकी सीटें सपा ने जीतीं, जबकि फूलपुर, गाजियाबाद, मझावन और खैर भाजपा ने जीतीं थी, मीरापुर सीट भाजपा की सहयोगी आरएलडी ने जीती थी। इस बार के यूपी उपचुनाव में सीएम योगी की प्रतिष्ठा दांव पर है क्योंकि अलीगढ़ के खैर में योगी ने कई रैलियां की हैं।

पंजाब में चार विधानसभा सीटों हो रहा उपचुनाव

पंजाब में चार विधानसभा सीटों – गिद्दड़बाहा, डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल (एससी) और बरनाला पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। इन सीटों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक लोकसभा के लिए चुने गए जिसके बाद इन सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। चार विधानसभा क्षेत्रों में से, गिद्दड़बाहा, डेरा बाबा नानक और चब्बेवाल पहले कांग्रेस के पास थे, और बरनाला सीट आप पार्टी के पास थी।

केरल और उत्तराखंड में हो रहा उपचुनाव

केरल की पलक्कड़ सीट और उत्तराखंड की केदारनाथ सीट पर भी मतदान हो रहा है। पलक्कड़ में उपचुनाव की आवश्यकता तब हुई जब निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस विधायक शफी परम्बिल वडकारा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए।

केदारनाथ सीट जुलाई में मौजूदा भाजपा विधायक शैलारानी रावत के निधन के बाद खाली हो गई थी। दोनों उम्मीदवार, भाजपा की आशा नौटियाल और कांग्रेस के मनोज रावत, अतीत में केदारनाथ विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

नौटियाल ने 2002 और 2007 में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। शैला रानी रावत ने 2012 में कांग्रेस के टिकट पर यहां जीत हासिल की थी। उन्होंने 2017 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में सीट से चुनाव लड़ा और मनोज रावत से हार गईं। हालाँकि, उन्होंने 2022 में रावत से सीट छीन ली।

एक लोकसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव

महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद खाली हुई। सांसद बनने के सिर्फ दो महीने बाद ही उनका देहांत हो गया था। वहीं, कांग्रस ने उनके बेटे रवींद्र चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है और भाजपा ने संतुक हंबार्डे को उनके सामने मैदान में उतारा है।

प्रयागराज में छात्रों के प्रदर्शन पर गरमाई स‍ियासत, केशव मौर्य ने अखि‍लेश पर लगाया माहौल बिगाड़ने की कोशि‍श का आरोप

केशव मौर्य ने कहा दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा प्रमुख श्री अखिलेश यादव अपने कार्यकाल के काले कारनामे भूलकर राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों की भावनाओं का राजनीतिकरण कर रहे हैं। “सूप बोले तो बोले चलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद हैं”- आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की इनकी कोशिशों को समझदार प्रतियोगी छात्र भली-भांति समझते हैं। इस रुख के साथ सपा का “समाप्तवादी पार्टी” बनना तय है।

केशव प्रसाद मौर्य, अखि‍लेश यादव।- फाइल फोटो

ड‍िजिटल डेस्‍क, नई द‍िल्‍ली। प्रयागराज में छात्रों के प्रदर्शन का आज चौथा द‍िन है। छात्रों के आंदोलन को लेकर अब स‍ियासत भी तेज हो गई है। व‍िपक्षी दलों के नेता सत्ताधारी दल पर हमलवार हैं। सपा प्रमुख अखि‍लेश यादव लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में जुटे हैं। अखि‍लेश के वार पर यूपी के ड‍िप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार क‍िया है। केशव मौर्य ने कहना है क‍ि अखि‍लेश यादव आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

ड‍िप्‍टी सीएम केशव मौर्य ने एक्‍स पर ल‍िखा, ”उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष हों, मानकीकरण की समस्या का भी समाधान हो, जिससे हर योग्य उम्मीदवार को उसका हक मिले।’

‘सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद हैं’

उन्‍होंने आगे ल‍िखा, ”दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा प्रमुख श्री अखिलेश यादव अपने कार्यकाल के काले कारनामे भूलकर राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों की भावनाओं का राजनीतिकरण कर रहे हैं। “सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद हैं”- आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की इनकी कोशिशों को समझदार प्रतियोगी छात्र भली-भांति समझते हैं। इस रुख के साथ सपा का “समाप्तवादी पार्टी” बनना तय है।”

केशव मौर्य ने ल‍िखा, ”योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान निकालने के लिए संवाद के माध्यम से हर संभव प्रयास कर रही है। हम युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रति दृढ़ हैं, और सक्षम अधिकारी छात्रों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित करेंगे। युवा प्रदेश का भविष्य हैं, और भाजपा उनकी हर आकांक्षा के साथ मजबूती से खड़ी है।”

प्रदर्शन का चौथा द‍िन  

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बाहर पीसीएस और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा एक दिन एक शिफ्ट में कराने की मांग और नॉर्मलाइजेशन का विरोध कर रहे प्रतियोगी छात्रों पुलिस ने बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया।

सादी वर्दी में आए पुलिस ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष पांडे सहित कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। अचानक पुलिसकर्मियों के छात्र आंदोलन के बीच पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। पुलिस के मंसूबो को समझने के बाद प्रतियोगी छात्र भी डट गए।

पुलिसकर्मी प्रतियोगी छात्रों को उठा कर ले जाने लगे। इसको लेकर प्रतिरोध शुरू हो गया। किस स्थान में कई छात्राओं को भी चोट लगी है। आयोग के चारों तरफ बैरिकेडिंग पर पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ा दी है। अखिलेश यादव की सभा होने के कारण प्रशासन भारी दबाव में है।

माना जा रहा है कि प्रतियोगी छात्रों को हटाने के लिए पुलिस एक बार और कोशिश कर सकता है। हिंदू हॉस्टल चौराहे पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। वही आंदोलन पर पुलिस के बल प्रयोग से छात्रों में आक्रोश फैल गया है। बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से विवाद के हालात बनते जा रहे हैं।