Tag Archives: Jammu Kashmir Weather News

जम्मू-कश्मीर में में बर्फबारी से मुगल रोड बंद, सोनमर्ग-कारगिल मार्ग भी प्रभावित; सफेद चादर से ढकी घाटी

Jammu Kashmir Weather News जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में हुई ताजा बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। कई सड़कें बंद हो गई हैं जिनमें ऐतिहासिक मुगल रोड भी शामिल है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार रविवार के बाद 30 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 1 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है।

         जम्मू-कश्मीर में में बर्फबारी से मुगल रोड बंद (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, जम्मू। Jammu Kashmir Weather News: पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर के उच्च पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। इससे जहां तापमान में कमी आई। वहीं कई सड़कें बंद हो गईं।

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू संभाग के पुंछ और राजौरी जिलों से कश्मीर को जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड को रविवार को पीर की गली में बर्फबारी के बाद एहतियात के तौर पर वाहन यातायात के लिए बंद कर दिया गया।

राजदान टॉप और उत्तरी कश्मीर जिले की अन्य जुड़ी सड़कों पर बर्फबारी के कारण गुरेज-बांडीपोरा सड़क भी वाहन यातायात के लिए बंद कर दी गई है। फिसलन की स्थिति के कारण सोनामर्ग-कारगिल मार्ग पर भी यातायात निलंबित कर दिया गया है।

30 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौस।

मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार रविवार के बाद 30 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 1 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। 30 नवंबर देर रात के दौरान ऊंची चोटियों और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है।

उसके बाद फिर से 5 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। बर्फबारी के बाद पूरे जम्मू कश्मीर में अधिकतम तापमान में कमी आई है लेकिन बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में हल्का उछाल आया है।

जम्मू का अधिकतम तापमान 27.4, न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बनिहाल का अधिकतम तापमान 19.0, न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बटोत का अधिकतम तापमान 17.1 जबकि न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा का अधिकतम तापमान 22.8, न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।भद्रवाह का अधिकतम तापमान 14.6, न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 5.2 जबकि न्यूनतम तापमान -7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

श्रीनगर का अधिकतम तापमान 13.7 जबकि न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम का अधिकतम तापमान 9.4, न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।कश्मीर में गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 3.0 जबकि न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

Exit mobile version